जगदलपुर नगर निगम में जन्म प्रमाण पत्र के लिए फॉर्म नहीं मिल ने से लोगों की परेशानी!
जगदलपुर, 10 दिसंबर 2025: बस्तर जिले के जगदलपुर नगर पालिका निगम में जन्म प्रमाण पत्र बनवाने आए लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। निगम कार्यालय में आवेदन फॉर्म उपलब्ध नहीं होने के कारण कर्मचारी लोगों को दरवाजे पर चिपकाए गए फॉर्म का फोटो खींचकर ले जाने की सलाह दे रहे हैं। इससे उन लोगों को खासा परेशानी हो रही है, जिनके पास स्मार्टफोन या एंड्रॉयड फोन नहीं है।
![]() |
| प्रदीप कुमार पटेल |
हाल ही में नवजात बच्ची के पिता बने प्रदीप कुमार पटेल ने निगम कार्यालय पहुंचकर जन्म प्रमाण पत्र के लिए फॉर्म मांगा तो कर्मचारियों ने कहा कि फॉर्म उपलब्ध नहीं है। दरवाजे पर लगा फॉर्म का फोटो खींच लो, उसे भरकर आधार कार्ड, बच्चे का डिस्चार्ज पेपर और माता-पिता के आधार कार्ड के साथ जमा कर दो। प्रदीप कुमार पटेल ने मीडिया से बातचीत में अपनी पीड़ा साझा करते हुए कहा, "मेरे पिता फॉर्म लेने गए थे, लेकिन उनके पास एंड्रॉयड मोबाइल नहीं था, इसलिए काफी दिक्कत हुई। बाद में मैं खुद कार्यालय पहुंचा और फॉर्म लिया। हर किसी के पास स्मार्टफोन नहीं होता। फॉर्म के लिए इतनी परेशानी क्यों? क्या निगम में प्रिंटिंग के लिए भी पैसे की कमी हो गई है?"
उन्होंने आगे कहा कि जन्म प्रमाण पत्र निगम से ही बनता है, लेकिन फॉर्म ही नहीं मिल रहा तो प्रमाण पत्र कैसे बनेगा। इस व्यवस्था से आम जनता खासकर गरीब और ग्रामीण पृष्ठभूमि के लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।
इस मामले पर प्रवीण वार्ड के पार्षद जाहिद खान ने निगम प्रशासन को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने जनता को हो रही परेशानियों को जल्द सुधारने की मांग की है और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई करने को कहा है।
नगर निगम की इस लापरवाही से लोगों में रोष है। कई लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब जन्म-मृत्यु पंजीकरण जैसी मूलभूत सुविधाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं, तो ऑफलाइन फॉर्म की उपलब्धता क्यों नहीं सुनिश्चित की जा रही। प्रशासन से उम्मीद है कि इस समस्या का शीघ्र निराकरण किया जाएगा।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें