करोड़ों का सरकारी राजस्व लुट रहा बस्तर में: रेलवे लीज के नाम पर टैक्स माफियाओं का गोरखधंधा, समलेश्वरी एक्सप्रेस बन गई चोरी का जरिया!
![]() |
| बस्तर में टैक्स माफिया सक्रिय: हावड़ा से जगदलपुर तक कपड़ों की अवैध ढुलाई, करोड़ों की जीएसटी चोरी का खुलासा! |
जगदलपुर/ पश्चिम बंगाल के हावड़ा जंक्शन से छत्तीसगढ़ के जगदलपुर तक चलने वाली समलेश्वरी एक्सप्रेस में अवैध टैक्स चोरी का बड़ा खेल सामने आया है। सूत्रों के अनुसार, हावड़ा से जगदलपुर की ओर कपड़ों का भारी मात्रा में परिवहन किया जा रहा है, जिसमें जीएसटी नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। टैक्स माफिया करोड़ों रुपये की कर चोरी कर रहे हैं, जबकि रेलवे के कुछ कर्मचारी और लीज पर आधारित कार्गो ऑपरेटर इसमें कथित रूप से शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, अंजलि शिवम कार्गो हावड़ा ने हावड़ा में लगभग 80 हजार रुपये प्रतिदिन के हिसाब से पार्सल/गुड्स स्पेस लीज पर लिया हुआ है। इनके जरिए मुख्य रूप से प्रीमियम कपड़े, शर्ट, धोती और अन्य परिधान जगदलपुर भेजे जा रहे हैं। चालाकी यह की जा रही है कि माल के कुल मूल्य का मात्र 10 प्रतिशत ही बिलिंग दिखाया जाता है, जबकि शेष राशि पर कोई जीएसटी नहीं चुकाया जा रहा। रेलवे माल परिवहन नियम 138 (2-क) 2017 के तहत ई-वे बिल अनिवार्य होने के बावजूद, इन लीज पैकेजों में ई-वे बिल प्रस्तुत नहीं किया जा रहा।
रेलवे बुकिंग कर्मचारियों से जब ई-वे बिल के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने जवाब दिया कि "लीज से आने वाले गुड्स पर ई-वे बिल की अनिवार्यता नहीं है" या "अलग से बुकिंग वाले गुड्स में ही चेक किया जाता है"। इससे साफ जाहिर होता है कि "लीज" के नाम पर टैक्स चोरी का सिस्टमेटिक खेल चल रहा है।
![]() |
| आशीष सिन्हा |
इस पूरे गोरखधंधे का स्थानीय स्तर पर संचालन आशीष सिन्हा नामक व्यक्ति द्वारा किया जा रहा है। जगदलपुर पहुंचने के बाद पिकअप वाहनों के जरिए ये कपड़े बस्तर संभाग अंतर राज्य उड़ीसा मलकानगिरी एवं अमरकोट के थोक विक्रेताओं तक पहुंचाए जाते हैं।
जीएसटी विभाग के संभागीय उपायुक्त मंगेश कारेकर ने नियमों का हवाला देते हुए विशाखापट्टनम स्थित के-के रेल लाइन के डीआरएम को पत्र जारी किया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। रेलवे कर्मी जांच में डीआरएम से अनुमति की बात कहकर हस्तक्षेप करते नजर आए।
हालांकि, बुधवार को जीएसटी विभाग ने कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर गुड्स की जांच की। जांच में नियम विरुद्ध स्टॉक मिलने पर सामान जब्त किया गया और संबंधित व्यापारियों पर शास्ति (जुर्माना) की कार्रवाई भी की गई।
यह मामला टैक्स चोरी के साथ-साथ रेलवे परिसर में लीज सिस्टम के दुरुपयोग को उजागर करता है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि जांच जारी है और जल्द ही बड़े पैमाने पर कार्रवाई हो सकती है। प्रशासन से अपील है कि ऐसे माफिया तंत्र पर कड़ी नकेल कसी जाए ताकि सरकारी राजस्व की चोरी रुके और ईमानदार व्यापार को बढ़ावा मिले।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें