आदिवासी जंगल पर मंडराया खनन का खतरा! कांग्रेस-सामाजिक कार्यकर्ताओं का गोदावरी पावर पर जोरदार हमला, परियोजना रद्द करने की हुंकार!
मृण्मय बारोई जगदलपुर, 15 नवंबर 2025: छत्तीसगढ़ के उत्तर बस्तर कांकेर जिले में गोदावरी पावर एंड इस्पात लिमिटेड द्वारा संचालित और प्रस्तावित खनन परियोजनाओं के खिलाफ स्थानीय नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने तीखा विरोध जताया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महासचिव उमाशंकर शुक्ल और सामाजिक कार्यकर्ता-सह-स्वतंत्र पत्रकार सतीश तिवारी ने एक प्रेस वार्ता में कंपनी पर पर्यावरण नियमों के उल्लंघन, आदिवासी अधिकारों की अनदेखी और झूठे आश्वासनों का आरोप लगाते हुए परियोजना को तत्काल निरस्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह परियोजना आरक्षित वन क्षेत्रों में स्थित है, जो भारतीय संविधान की पांचवीं अनुसूची के तहत अधिसूचित अनुसूचित क्षेत्र है, और स्थानीय निवासियों की सहमति के बिना इसे मंजूरी नहीं दी जा सकती।
प्रेस वार्ता में उमाशंकर शुक्ल ने कहा कि कंपनी को आरी डोंगरी में 106.60 हेक्टेयर आरक्षित वन क्षेत्र पर लौह अयस्क खनन पट्टा दिया गया था, लेकिन पर्यावरण प्रस्ताव में दिए गए आश्वासनों का पालन नहीं किया गया। "कंपनी ने हजारों इमारती, फलदार और उपयोगी वृक्षों की अंधाधुंध कटाई की, लेकिन वृक्षारोपण की बाध्यता का उल्लंघन किया। सड़क मार्ग पर ग्रीन कॉरिडोर बनाने के निर्देशों की अनदेखी से पूरा क्षेत्र धूल-धुंध से प्रदूषित हो गया है। मशीन ड्रिलिंग और हैवी ब्लास्टिंग से वन्य जीवों और पशु-पक्षियों को नुकसान पहुंच रहा है, वे अपना स्थान छोड़कर जा रहे हैं," शुक्ल ने आरोप लगाया। उन्होंने आगे कहा कि कंपनी ने आसपास के ग्रामों में सामुदायिक विकास कार्य करने का वादा किया था, लेकिन कोई कार्य नहीं हुआ। शुक्ल ने मांग की कि 13 नवंबर 2025 को प्रस्तावित परियोजना पर जनसुनवाई में दर्ज आपत्तियों को प्रमुख अभिमत मानते हुए परियोजना को निरस्त किया जाए। उन्होंने क्षेत्र की जनसंख्या का जिक्र करते हुए बताया कि यहां लगभग 65% अनुसूचित जनजाति और शेष अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग एवं सामान्य श्रेणी के निवासी हैं, जिनका उद्देश्य जंगल और जमीन की सुरक्षा है।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सतीश तिवारी ने ग्राम कच्छी (तहसील भानुप्रतापपुर) में प्रस्तावित 32.36 हेक्टेयर क्षेत्र पर पर्यावरण स्वीकृति के लिए जनसुनवाई में आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र राजोबिदिह, खांडे, नधु, पिचेकट्टा, मारडेल, रनवाही, उनोचपनी, मगरधा और लिमोडीह जैसे आरक्षित और सुरक्षित वनों से घिरा है, लेकिन कंपनी ने दूरी संबंधी जानकारी में गुमराह किया है। "परियोजना में ड्रिलिंग और ब्लास्टिंग से ध्वनि प्रदूषण होगा, वन्य जीवों को नुकसान पहुंचेगा और पेड़-पौधों को हानि होगी। खनिज मात्रा सिर्फ 1.145 मिलियन टन है, जो 8 वर्षों के लिए है, लेकिन इसके लिए पूरे वन क्षेत्र को जोखिम में डालना अनुचित है। परियोजना लागत मात्र 8.76 करोड़ है, लेकिन पर्यावरणीय नुकसान अपूरणीय होगा," तिवारी ने कहा।
तिवारी ने आगे वायु, ध्वनि, जल और भूमि पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभावों का विस्तार से जिक्र किया। "ब्लास्टिंग से प्रदूषित हवा फैलेगी, ट्रकों से ध्वनि प्रदूषण होगा, खुदाई से जल स्तर प्रभावित होगा और बंद खदानों से वन्य जीवों को खतरा होगा। कंपनी से स्थानीय निवासियों को कोई लाभ नहीं मिला, न रोजगार और न ही बुनियादी संरचना का विकास। आरी डोंगरी परियोजना इसका जीता-जागता उदाहरण है, जहां 5,000 वृक्ष काटे गए लेकिन वृक्षारोपण नहीं हुआ," उन्होंने आरोप लगाया। तिवारी ने मांग की कि कंपनी के झूठे आश्वासनों को ध्यान में रखते हुए पर्यावरण स्वीकृति निरस्त की जाए।
क्षेत्रवासियों ने एकजुट होकर परियोजना का विरोध किया और कहा कि यह आदिवासी समुदायों, वन्य जीवों और पर्यावरण के लिए घातक है। कंपनी की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। पर्यावरण विभाग और राज्य सरकार से इस मामले पर तत्काल कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें