धान खरीदी में अनियमितता रोकें: 15 हजार सहकारी कर्मचारी हड़ताल की राह पर!
मृण्मय बारोई
जगदलपुर, 5 नवंबर 2025: छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी संघ ने धान खरीदी प्रक्रिया में व्याप्त अनियमितताओं और कर्मचारियों के शोषण के खिलाफ जोरदार आवाज बुलंद की है। जगदलपुर स्थित पत्रकार भवन में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए संघ ने प्रदेश की 2058 समितियों और 2739 उपार्जन केंद्रों से जुड़े 15 हजार कर्मचारियों की ओर से चार सूत्रीय मांगें दोहराईं। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शासन ने इन मांगों को जल्द पूरा नहीं किया, तो 28 अक्टूबर को प्रस्तावित एकदिवसीय प्रदेश स्तरीय महा हंकार रैली के बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल का रास्ता अख्तियार किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान परिवहन की प्रक्रिया में गंभीर खामियां हैं। प्रदेश के विभिन्न उपार्जन केंद्रों से धान का समानुपातिक परिवहन न होने के कारण रायपुर के गोदामों में असमान वितरण होता है। नतीजतन, समितियों को सुखत राशि सहित प्रासंगिक व्यय, सुरक्षा व्यय और कमीशन की राशि काटकर भुगतान किया जाता है। ऊपर से मिलरों द्वारा समय पर धान उठाव न करने पर लगने वाली पेनाल्टी का बोझ भी खरीदी केंद्रों के कर्मचारियों पर ही डाला जाता है। इससे समितियों को होने वाली आर्थिक क्षति के चलते कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा, जो सहकारिता क्षेत्र की 'सहकार से समृद्धि' की अवधारणा को झुठला रहा है।
संघ ने गत वर्ष नवंबर 2024 में हुए आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान माननीय मुख्यमंत्री से कोर कमिटी की बैठक हुई थी। इसके परिणामस्वरूप अपर मुख्य सचिव, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने 12 दिसंबर 2024 के पत्र में आश्वासन दिया था कि यदि एक माह बाद भी खरीदी केंद्रों में धान शेष रहता है, तो शेष मात्रा पर समिति को सुखत राशि प्रदान की जाएगी। लेकिन यह आश्वासन कागजों तक सीमित रह गया। मिलरों की लापरवाही का खामियाजा आज भी कर्मचारी भुगत रहे हैं। इसी क्रम में 25 फरवरी 2025 को पत्र संख्या 425 के माध्यम से धान सुखाने से शासन पर पड़ने वाले वित्तीय बोझ की ओर ध्यान आकर्षित किया गया था, लेकिन उसका कोई जवाब नहीं आया।
इसके अलावा, आयुक्त सहकारिता एवं रजिस्ट्रार सहकारी संस्थाओं ने 11 नवंबर 2024 के पत्र में लंबित मांगों की पूर्ति हेतु अंतर्विभागीय कमेटी गठन का प्रस्ताव सचिव सहकारिता विभाग को भेजा था, जो अभी तक लंबित है। संघ ने वर्ष 2007-08 से 18 वर्षों तक संविदा आधार पर कार्यरत धान खरीदी ऑपरेटरों को आउटसोर्सिंग के माध्यम से हटाने का भी कड़ा विरोध किया। उन्होंने कहा कि यह कदम न्याय के सिद्धांतों के विरुद्ध है। 15 अक्टूबर 2025 को ही शासन को चरणबद्ध आंदोलन की सूचना दी गई थी।
संघ ने अपनी चार सूत्रीय मांगों को स्पष्ट करते हुए कहा कि समर्थन मूल्य धान खरीदी वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 में परिवहन पश्चात हुई संपूर्ण सुखत राशि समितियों को प्रदान की जाए। वर्ष 2024-25 की खरीदी नीति की कंडिका 1.10 के अनुसार परिवहन के बाद संपूर्ण सुखत समिति को दी जाए या प्रत्येक सप्ताह पूर्ण परिवहन सुनिश्चित हो। साथ ही, शून्य शॉर्टेज प्रोत्साहन का प्रावधान किया जाए तथा कमीशन, प्रासंगिक व्यय और सुरक्षा व्यय में वृद्धि हो। मध्य प्रदेश सरकार की तर्ज पर शासकीय उचित मूल्य दुकानदारों एवं विक्रेताओं को प्रतिमाह 3,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाए। कलेक्टर द्वारा नामित प्रशासनिक धान खरीदी अधिकारी को पूर्ण धान परिवहन, मिलान एवं सुखत की लिखित जिम्मेदारी सौंपी जाए। धान खरीदी नीति 2024-25 की कंडिका 11.3.3 के तहत आउटसोर्सिंग द्वारा कंप्यूटर ऑपरेटरों की नियुक्ति को समाप्त कर विभागीय नियमों के अनुरूप नियमितीकरण सुनिश्चित हो। अंत में, प्रदेश की 2058 समितियों के कर्मचारियों के वेतनमान हेतु प्रति वर्ष प्रत्येक समिति को 3-3 लाख रुपये का प्रबंधकीय अनुदान मध्य प्रदेश की भांति प्रदान किया जाए।
संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि इन मांगों को पूरा न करने पर 28 अक्टूबर 2025 को एकदिवसीय महा हंकार ज्ञापन रैली के माध्यम से शासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। यदि फिर भी कोई कार्रवाई न हुई, तो 15 हजार कर्मचारियों एवं 2739 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी, जो धान खरीदी प्रक्रिया को बुरी तरह प्रभावित करेगी। प्रेस वार्ता में संघ ने शासन से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की, ताकि सहकारिता क्षेत्र के कर्मचारी आर्थिक संकट से उबर सकें और किसानों का हित सुरक्षित रहे।
![]() |
मृण्मय बारोई Mrinmay Baroi Mo. 9993003007 |




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें