बस्तर में पुलिस का सख्त एक्शन: अश्लील हरकतों और गुंडागर्दी का मास्टरमाइंड धारदार चाकू संग चढ़ा हत्थे!"
जगदलपुर, 25 अक्टूबर 2025: बस्तर पुलिस ने पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखी है। इसी कड़ी में बोधघाट थाना क्षेत्र में अश्लील हरकत, गाली-गलौज और धारदार चाकू से हमला करने वाले आरोपी सूरज कश्यप को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने बोधघाट थाने में शिकायत दर्ज की थी कि पिछले 2-3 महीनों से सूरज कश्यप नशे की हालत में उनके घर आकर अश्लील हरकतें और गाली-गलौज करता था। दिनांक 23 अक्टूबर 2025 की रात 11:30 बजे आरोपी ने नशे में धुत होकर पीड़िता के घर पर फिर से अश्लील व्यवहार किया और धारदार चाकू से हमला कर दिया। शिकायत के आधार पर बोधघाट थाने में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में उप निरीक्षक ललित सिंह नाग, लोकेश्वर नाग, प्रधान आरक्षक मयाराम कश्यप, प्रकाश मनहर और आरक्षक मानकू कोर्राम शामिल थे।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सूरज कश्यप, पिता स्व. श्याम सुंदर, को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध कबूल किया। उसके कब्जे से एक धारदार चाकू भी बरामद किया गया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
बस्तर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है। पुलिस लगातार ऐसी कार्रवाइयों के जरिए अपराध पर अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्ध है।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें