बस्तर में नक्सलवाद पर निर्णायक प्रहार, विकास की नई सुबह: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा


रायपुर, 18 अक्टूबर 2025: छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने बस्तर में 'पुना मारगेम' कार्यक्रम के तहत 17 अक्टूबर को 210 माओवादियों के आत्मसमर्पण को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि बस्तर अब नक्सलवाद से मुक्त होकर विकास के रास्ते पर तेजी से बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में तैयार नक्सल उन्मूलन नीति से यह संभव हुआ। 

'नियद नेल्लानार', 'लोन वर्राटू' और 'पीएम जनमन' योजनाओं के जरिए सड़क, बिजली, पानी, आवास और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई गईं। सुरक्षा बलों, डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और डीआरडीओ, इसरो जैसी संस्थाओं के सहयोग से माओवादी प्रभाव खत्म किया गया। आत्मसमर्पण करने वालों में सेंट्रल कमेटी सदस्य, डिविजनल कमेटी सदस्य शामिल हैं, जिन्होंने 153 अत्याधुनिक हथियार समर्पित किए। 

शर्मा ने कहा कि माड़, गढ़चिरौली और उत्तर बस्तर से माओवादी प्रभाव लगभग खत्म हो चुका है। आत्मसमर्पित माओवादियों को पुनर्वास, स्वरोजगार और शिक्षा से जोड़ा जा रहा है। यह कदम 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद समाप्त करने के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण है।

टिप्पणियाँ