बस्तर में ऐतिहासिक क्षण: 210 माओवादी कैडरों ने हथियार डाले, मुख्यधारा में लौटे; CM साय बोले- 'नक्सल उन्मूलन की दिशा में बड़ा कदम।
जगदलपुर 17 अक्टूबर 2025 छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में नक्सल उन्मूलन अभियान को आज एक ऐतिहासिक सफलता हाथ लगी। पुनर्वास से पुनर्जीवन' कार्यक्रम के तहत दंडकारण्य के 210 माओवादी कैडरों ने हिंसा का रास्ता त्यागकर सामाजिक मुख्यधारा में वापसी का फैसला लिया। जगदलपुर की पुलिस लाइन में आयोजित इस समारोह में उन्होंने कुल 153 अत्याधुनिक हथियार, जिनमें AK-47, SLR, INSAS राइफल्स और LMG गन समर्पित किए। यह नक्सल विरोधी अभियानों के इतिहास में सबसे बड़ा सामूहिक आत्मसमर्पण माना जा रहा है।
इसमें एक सेंट्रल कमेटी सदस्य, चार डंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (DKSZC) सदस्य, 21 डिविजनल कमेटी सदस्य समेत कई वरिष्ठ माओवादी नेता शामिल हैं। प्रमुख नामों में CCM रूपेश उर्फ आसन्ना, सतीश, DKSZC भास्कर, राजमन मांडवी, रानीता, राजू सलाम, धन्नू वेत्ती, संतू और RCM रतन एलम जैसे हार्डकोर कैडर प्रमुख हैं। इन कैडरों ने पारंपरिक मांझी-चालकी विधि से स्वागत के बाद संविधान की प्रति ग्रहण कर शपथ ली कि वे अब विकास और राष्ट्र निर्माण में योगदान देंगे।
सरकार की नीति का कमाल: शांति और विकास की राह पर बस्तर।
पुलिस कोऑर्डिनेशन सेंटर मैं प्रेस वार्ता के दरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे पूरे देश के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा, "बड़ा दुख होता है कि नक्सलवाद के कारण मरने वाले और मारने वाले दोनों को बहुत तकलीफ हुई। हमने सतत अध्ययन कर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में बेहतर पुनर्वास नीति तैयार की। इसी का परिणाम है कि आज माओवाद का रास्ता छोड़कर विकास की धारा से जुड़ रहे हैं।" सीएम साय ने आत्मसमर्पित कैडरों को बधाई देते हुए कहा कि यह विश्वास, परिवर्तन और नए जीवन की शुरुआत है। उन्होंने जोर दिया कि डबल इंजन सरकार का संकल्प है कि छत्तीसगढ़ को नक्सलमुक्त बनाया जाए।
आत्मसमर्पण नहीं, पुनर्वास से पुनर्जीवन' करार दिया।
पत्रकारों से चर्चा के दौरान उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने इसे 'आत्मसमर्पण नहीं, पुनर्वास से पुनर्जीवन' करार दिया। उन्होंने कहा, "आज का दिन बस्तर के लिए ऐतिहासिक है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल पर हम अपने संकल्प की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। बस्तर की जनता के मनोभाव के अनुरूप 210 लोगों ने नया जीवन चुना। सरकार से बड़ा समाज होता है, यही सोचकर उन्होंने यह कदम उठाया।" शर्मा ने बताया कि वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में शांति, विकास और विश्वास परिवर्तन की नींव पड़ चुकी है।
पुलिस महानिरीक्षक (बस्तर) सुंदरराज पी ने कार्यक्रम में सरकार की व्यापक नक्सल उन्मूलन नीति और पुलिस, सुरक्षा बलों, स्थानीय प्रशासन तथा हितधारकों के समन्वित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि पुनर्वास की स्थिति का निर्माण करती है।
प्रमुख हस्तियां रही मौजूद, पुनर्वास पर फोकस।
समारोह में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, बस्तर सांसद महेश कश्यप, विधायक किरण देव (जगदलपुर), विनायक गोयल (चित्रकोट), चैतराम अटामी (दंतेवाड़ा), छत्तीसगढ़ ब्रेवरेज कॉर्पोरेशन चेयरमैन श्रीनिवास राव मद्दी समेत अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, एडीजी नक्सल ऑपरेशन विवेकानंद सिन्हा, सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी के अधिकारी, बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह, कलेक्टर हरिस एस, एसपी शलभ सिन्हा तथा कोण्डागांव, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर के एसपी भी मौजूद थे।
आत्मसमर्पित कैडरों को पुनर्वास सहायता राशि, आवास, स्वरोजगार, कौशल विकास और शिक्षा योजनाओं की जानकारी दी गई। राज्य सरकार उन्हें मुख्यधारा में स्थापित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यह घटना बस्तर को नक्सलमुक्त बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हो रही है, जहां अब शांति और विकास की नई सुबह का आगाज हो चुका है।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें